दशमोत्तर छात्रवृत्ति आवेदन अग्रसारण में तेजी लाने के संबंध में आदेश
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने अपर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश के क्रम में बताया कि वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्र/छात्राओं को छात्रवृत्ति (शैक्षणिक भत्ता एवं शुल्क प्रतिपूर्ति) भुगतान हेतु संशोधित समय-सारिणी निर्गत की गई है।
उक्त समय-सारिणी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षण संस्थान स्तर से छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों को ऑनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित करने की अंतिम तिथि दिनांक 27 जनवरी, 2026 निर्धारित है। दिनांक 22 जनवरी, 2026 तक छात्रवृत्ति पोर्टल के अवलोकन में यह पाया गया है कि जनपद स्तर पर शिक्षण संस्थानों द्वारा कुल 4823 आवेदन पत्रों का अग्रसारण अभी तक लंबित है।
यह भी अवगत कराना है कि आवेदन पत्रों के अग्रसारण की प्रक्रिया अत्यंत धीमी गति से संचालित की जा रही है, जिससे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने की प्रबल संभावना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के आवेदन पत्रों के अग्रसारण के संबंध में जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य/प्रधानाचार्य को निर्देशित किया है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना दिनांक 24 जनवरी, 2026 तक सभी प्रकार के छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण सुनिश्चित करें।
यह योजना मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित है। यदि किसी शिक्षण संस्थान स्तर पर आवेदन पत्रों का अग्रसारण लंबित रह जाता है, जिससे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपेक्षित रैंकिंग प्राप्त नहीं हो पाती है, तो संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।