हादसे ने उजाड़ दिया परिवार का सहारा, जिंदगी की जंग हार गए आर्केस्ट्रा संचालक परवेज आलम
हादसे ने उजाड़ दिया परिवार का सहारा, जिंदगी की जंग हार गए आर्केस्ट्रा संचालक परवेज आलम
अज्ञात वाहन की टक्कर में हुए थे गंभीर रूप से घायल, लखनऊ में इलाज के दौरान तोड़ा दम
अमिट रेखा / बघौचघाट / देवरिया
सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। जिंदगी बचाने की उम्मीद में परिजन उन्हें एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल लेकर भटकते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सावन म्यूजिकल ग्रुप के संचालक परवेज आलम (45) जिंदगी की जंग हार गए। बुधवार की देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार की सुबह मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति को खोने के गम में पत्नी सलमा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार रोते-रोते अचेत हो जा रही हैं। मृतक अपने पीछे एक संतान साहिद आलम को छोड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात परवेज आलम बाइक से पथरदेवा की ओर से बघौचघाट लौट रहे थे। अभी वह बघौचघाट-पथरदेवा मार्ग पर बेलम्हा बाजार मोड़ से कुछ दूर आगे पहुंचे थे कि एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी और कांस्टेबल विक्रांत सिंह मौके पर पहुंचे। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए कांस्टेबल विक्रांत सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अपनी बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पथरदेवा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और फिर लखनऊ भेजा गया, जहां बुधवार की देर रात उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं।
जिस घर में अपनों की आवाज से रौनक रहती थी, वहां अब मातम पसरा है
परवेज आलम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी सलमा खातून और बेटे साहिद आलम के सामने अब भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। गुरुवार की सुबह बघौचघाट पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिंदगी बचाने की हर कोशिश के बावजूद परवेज आलम का यूं चले जाना परिजनों के लिए ऐसा दुख छोड़ गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।