स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी ने हासिल किया पहला स्थान, प्रदेश के 75 जिलों में शीर्ष पर

Oct 28, 2026 - 20:07
 0
स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी ने हासिल किया पहला स्थान, प्रदेश के 75 जिलों में शीर्ष पर

अराजीलाइन, पिंडरा और सेवापुरी विकासखंड का भी शानदार प्रदर्शन

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में वाराणसी ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। सितंबर 2026 की हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के मुताबिक, जिले को 74 प्रतिशत समग्र स्कोर प्राप्त हुआ है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और विभिन्न सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर रैंकिंग में दिखाई दिया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के अनुसार, विकासखंड स्तर पर भी वाराणसी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अराजीलाइन 78 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि पिंडरा ने 76 प्रतिशत के साथ दूसरा और सेवापुरी ने 75 प्रतिशत स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सिजेरियन प्रसव के मानकों पर भी प्रदेश में अव्वल 

स्वास्थ्य विभाग के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि सिजेरियन प्रसव से जुड़े संकेतकों में सामने आई है। जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित दोनों प्रमुख मानकों पर वाराणसी ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच, पूर्ण टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रसवपूर्व स्वास्थ्य परीक्षण तथा नवजात शिशुओं को घर पर देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी विभिन्न विकासखंडों ने सराहनीय प्रदर्शन किया है।

सामूहिक प्रयासों का मिला परिणाम 

सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों के चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता सुनियोजित कार्यप्रणाली, नियमित निगरानी और विभागीय टीमों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सभी इकाइयों को सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वास्थ्य संबंधी निर्धारित मानकों की नियमित समीक्षा करने और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र