महराजगंज में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ने दिए सख्त निर्देश
लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने, तस्करी रोकने और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : महराजगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने को कहा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में आईजीआरएस, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और यूपी-112 से जुड़ी शिकायतों एवं कार्यों की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश
अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं, अनसुलझे मामलों, वांछित एवं इनामी अपराधियों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इन मामलों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर विवेचना पूरी करने और न्यायालय में समय से आरोपपत्र दाखिल करने पर जोर दिया। अपहृत एवं लापता व्यक्तियों की बरामदगी के साथ ई-साक्ष्य, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सीमा पर तस्करी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने पर जोर
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में पशु तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आभूषण की दुकानों, होटलों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों के सत्यापन और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यक्ष ऐप का प्रभावी उपयोग करने को भी कहा गया।
यूपी-112 की कार्यप्रणाली और सीसीटीवी की होगी निगरानी
एसपी ने यूपी-112 की पीआरवी टीमों के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा उनकी नियमित कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महिला सुरक्षा और त्योहारों को लेकर सतर्कता
महिला सुरक्षा के मद्देनजर मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाने और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा गया। आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा बीपीओ की साप्ताहिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया।
जनता से सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। थानों और चौकियों पर अनावश्यक आवाजाही नियंत्रित रखने के साथ एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति पीड़ित के निवास तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी तथा अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।