जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में महिला जागरूकता रैली निकाली गई
जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में महिला जागरूकता रैली निकाली गई
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
अमिट रेखा/ अजय पटेल/महराजगंज
महराजगंज शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में महिला जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों की लगभग 200 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
--- मिली जानकारी के मुताबिक महिला जागरूकता रैली उद्योग चौराहे से प्रारंभ होकर दुर्गा मंदिर पर संपन्न हुई। रैली में महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य विभागों की महिला कर्मचारियों ने सहभागिता की। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिलाओं से संबंधित विधिक प्रावधानों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि के प्रत्येक दिवस पर अलग-अलग थीम के आधार पर महिला सशक्तिकरण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
--- इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि को महिला सशक्तिकरण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिला अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।
--- जिलाधिकारी कहा कि जिला प्रशासन मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जनजागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
-- कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।