रिष्ठ पत्रकार दिनेश चंद्र की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी व सम्मान समारोह 16 दिसंबर को
रिष्ठ पत्रकार दिनेश चंद्र की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी व सम्मान समारोह 16 दिसंबर को
अमिट रेखा/ राकेश तिवारी /गोरखपुर
वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठनकर्ता स्वर्गीय दिनेश चंद्र श्रीवास्तव की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आगामी 16 दिसंबर को एक श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर के विवेक होटल के सभागारमें संपन्न होगा। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव गणेश एवं महामंत्री अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्वर्गीय दिनेश चंद्र श्रीवास्तव गोरखपुर की पत्रकारिता के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने वर्ष 1985 में गोरखपुर पत्रकार परिषद की स्थापना कर पत्रकारों को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। बाद में यही संस्था गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के रूप में विकसित हुई।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय दिनेश चंद्र श्रीवास्तव का निधन 16 दिसंबर 1988 की रात्रि हृदयाघात से हुआ था, लेकिन अल्प आयु में ही उन्होंने पत्रकारिता और संगठन निर्माण के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी को उनके विचारों, संघर्षों और मूल्यों से परिचित कराया जा सके।
इस वर्ष आयोजित विचार गोष्ठी का विषय “स्वर्गीय दिनेश चंद्र श्रीवास्तव : एक पत्रकार – एक संगठनकर्ता” रखा गया है। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता अपने विचार साझा करेंगे तथा वर्तमान समय में पत्रकारिता की भूमिका और चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जमीरअहमद पयाम, सुशील वर्मा एवं सुजीत पांडेय को “स्वर्गीय दिनेश चंद्र श्रीवास्तव स्मृति लेखनी सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनकी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए प्रदान किया जाएगा।