कुशीनगर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान चयन चुनाव में हुआ विवाद, चुनाव स्थगित

Mar 10, 2026 - 10:55
 0
कुशीनगर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान चयन चुनाव में हुआ विवाद, चुनाव स्थगित

कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरया खुर्द के नैनुपहरु में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान (कोटा) के चयन के लिए बुलाई गई खुली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि प्रशासन को सुरक्षा कारणों से चुनाव प्रक्रिया तत्काल स्थगित करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, नैनुपहरु में कोटेदार के चयन की प्रक्रिया चल रही थी। बैठक के दौरान ही किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जिससे मौके पर गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। डिबनी बंजरवा चौकी प्रभारी अवनीश कुमार सिंह और तमकुहीराज थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला। पुलिस की सूझबूझ और कड़ी मुस्तैदी से दोनों पक्षों को शांत कराया गया, जिससे गांव में कोई बड़ी हिंसक वारदात होने से बच गई।

तनावपूर्ण माहौल और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए चुनाव अधिकारियों ने कोटा चयन प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अगली तिथि निर्धारित की जाएगी, ताकि शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराया जा सके। इस दौरान एडीओ आईएसपी पवन कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी संजय गुप्ता , ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मिथिलेश राय, पूर्व प्रधान शंभू शरण पाण्डेय, रमाशंकर कुशवाहा, बृजेश पाण्डेय, उपेन्द्र चौहान, रोशन गोंड, रामबहादुर भारती, संजीव पाण्डेय, मकसूदन पाण्डेय, गौरीशंकर कुशवाहा सहित हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।