वाराणसी को मिली रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात, तीन ट्रेनों को मुख्यमंत्री योगी ने दिखाई हरी झंडी

Oct 31, 2026 - 21:31
Oct 31, 2026 - 21:34
 0
वाराणसी को मिली रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात, तीन ट्रेनों को मुख्यमंत्री योगी ने दिखाई हरी झंडी

वंदे भारत स्लीपर सहित तीन नई रेल सेवाओं का शुभारंभ, मुख्यमंत्री बोले—आधुनिक परिवहन सुविधाओं से मजबूत हो रही काशी की पहचान  

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : वाराणसी।   धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में तीन नई रेल सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, बनारस-प्रयागराज-रामबाग ट्रेन और बनारस-राजातालाब ट्रेन का शुभारंभ किया गया। इन नई रेल सेवाओं से यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे और क्षेत्रीय रेल संपर्क को विस्तार मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि स्पष्ट नीति, पारदर्शी नीयत और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ विकास के लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि काशी में आधुनिक रेलवे स्टेशन, फ्लाईओवर, बेहतर रेल नेटवर्क, चौड़ी सड़कों और हवाई सेवाओं के विस्तार के जरिए आधारभूत सुविधाओं को लगातार विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इन विकास कार्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार काशी के विकास और उसकी राष्ट्रीय पहचान को नई दिशा दे रहा है।

तीन नई रेल सेवाओं की शुरुआत से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में रेल यातायात को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र