सभासदों से कथित बदसलूकी पर पूर्व विधायक का थाने में धरना, सीओ के हस्तक्षेप से मामला शांत

Nov 3, 2026 - 18:22
 0
सभासदों से कथित बदसलूकी पर पूर्व विधायक का थाने में धरना, सीओ के हस्तक्षेप से मामला शांत

जनप्रतिनिधियों के सम्मान से समझौता नहीं होगा : अजय कुमार लल्लू

अमिटरेखा | कृष्णा यादव, तमकुहीराज/कुशीनगर। सेवरही थाना क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता नजर आया। नगर पंचायत सेवरही के किदवई नगर वार्ड के सभासद सुमित रौनियार और कांग्रेस कार्यकर्ता शाहिद अबरार हनी के साथ थाना प्रभारी द्वारा कथित दुर्व्यवहार किए जाने से नाराज पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ सेवरही थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस के रवैये के विरोध में थाने के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मौके पर पहुंचे सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने पूर्व विधायक एवं अन्य लोगों से वार्ता कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस की ओर से अपनी गलती स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पूर्व विधायक ने धरना स्थगित कर दिया।

इस दौरान पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का सम्मान बेहद जरूरी है। किसी भी जनप्रतिनिधि अथवा कार्यकर्ता के साथ अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाना जनप्रतिनिधियों का अधिकार है और पुलिस प्रशासन को भी अपने व्यवहार में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अमित सिंह, सभासद पप्पू जायसवाल, उपेंद्र चौहान, अजय गुप्ता, शुभम रौनियार, शुभम जायसवाल, शाहिद शेख समेत बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र