ऑटो से 9 साल का छात्र लापता, 5 घंटे बाद 80 किमी दूर ट्रेन में मिला
ऑटो से 9 साल का छात्र लापता, 5 घंटे बाद 80 किमी दूर ट्रेन में मिला
अमिट रेखा संतराज यादव सहजनवा
गोरखपुर कैंट थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौटते समय कक्षा 4 के एक छात्र के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। पुलिस की तत्परता से बच्चा करीब 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, 9 वर्षीय पद्मनाभ गिरी स्कूल की छुट्टी के बाद रोज की तरह ऑटो से घर जा रहा था। ऑटो में अन्य बच्चे भी सवार थे। रास्ते में ऑटो चालक आशीष एक बच्ची के लिए चिप्स लेने दुकान पर गया। चालक के अनुसार, वह 1-2 मिनट में ही लौट आया, लेकिन तब तक पद्मनाभ ऑटो से गायब था, जबकि उसका स्कूल बैग ऑटो में ही रखा हुआ था।
बच्चे के लापता होने की सूचना पर परिवार में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने इलाके के 5 स्कूलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित रास्तों पर तलाश शुरू की।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। लापता बच्चा स्कूल से करीब 80 किलोमीटर दूर तमकुहीराज में एक ट्रेन में मिला। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया।
ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि बच्चा पहले भी कई बार इस तरह से भागने की कोशिश कर चुका है। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता कतर में रहते हैं।
फिलहाल बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस परिजनों से बात कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।