अलीगढ़: पति की लंबी उम्र के लिए रूबी आसिफ खान ने रखा करवा चौथ का व्रत, धार्मिक सौहार्द की पेश की मिसाल
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मुस्लिम महिला रूबी आसिफ खान ने करवा चौथ का व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ की पूजा-अर्चना की और छलनी से अपने पति का चेहरा देखकर व्रत खोला।
जानकारी के मुताबिक, रूबी आसिफ खान ने रोरावर थाना क्षेत्र के मामूद नगर में करवा चौथ का पर्व मनाया। वह हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के प्रमुख त्योहारों में हिस्सा लेती हैं। बताया जाता है कि वह दिवाली, होली और ईद जैसे त्योहार भी मनाती हैं।
रूबी आसिफ खान का यह कदम धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव की भावना को सामने लाता है। उनके करवा चौथ मनाने की चर्चा क्षेत्र में हो रही है।