सनलाइट मिशन स्कूल में साप्ताहिक खेल प्रतियोगिता का फाइनल: टेकुआटार में ग्रीन हाउस ने जीता खिताब, मुख्य अतिथि ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
सनलाइट मिशन स्कूल में साप्ताहिक खेल प्रतियोगिता का फाइनल: टेकुआटार में ग्रीन
हाउस ने जीता खिताब, मुख्य अतिथि ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
अमिट रेखा/ओमप्रकाश यादव/रामकोला कुशीनगर
रामकोला कुशीनगर स्थानीय टेकुआटार के सनलाइट मिशन स्कूल में शनिवार को साप्ताहिक खेल-कूद प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्लू हाउस और रेड हाउस दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के नेता राजेश प्रताप राव बंटी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल-कूद के महत्व के बारे में बताया। राव बंटी ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।शनिवार को आयोजित फाइनल प्रतियोगिता में कक्षा एक से लेकर इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को रेड हाउस, ब्लू हाउस, येलो हाउस और ग्रीन हाउस में बांटा गया था। विभिन्न खेलों में सभी हाउस के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बाद ग्रीन हाउस विजेता बना, ब्लू हाउस द्वितीय और रेड हाउस तृतीय स्थान पर रहा। येलो हाउस को कोई स्थान नहीं मिला। मुख्य अतिथि राजेश राव बंटी ने विजेता और प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने दोहराया कि खेल-कूद से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मैनेजर कयूम सिद्दीकी और डायरेक्टर नईम सिद्दीकी ने अतिथियों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जुल्फेकार सिद्दीकी ने की, जबकि संचालन इरसाद अहमद ने किया। इस अवसर पर शमशाद सोनू, शहबाज अहमद, प्रधानाचार्य अशोक ठाकुर, सौरभ सिंह, रवि सिंह, गौरांग, प्रिया शर्मा, सरस्वती, ज्योति, मोहनी, लवकुश, रमेश, सुग्रीव, अभिषेक, बालगोविंद सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।