शीतलहर से बचाव हेतु जनपद में रैन बसेरा/शेल्टर होम सक्रिय, आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण
कुशीनगर के निर्देशानुसार शीतलहर व ठंड से बचाव के दृष्टिगत जनपद में रैन बसेरा/शेल्टर होम की व्यवस्था सुदृढ़ की गई है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शीतलहर के दौरान निराश्रित, असहाय, कच्चे मकानों में रहने वाले तथा खुले में जीवन-यापन करने वाले व्यक्तियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने हेतु जनपद के समस्त नगर निकाय क्षेत्रों में रैन बसेरा/शेल्टर होम चिन्हित कर सक्रिय किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी रैन बसेरा/शेल्टर होम में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कंबल एवं आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही रैन बसेरा में ठहरने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। शीतलहर के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका/नगर पंचायत स्तर पर संचालित रैन बसेरा/शेल्टर होम के विवरण के क्रम में बताया कि *पडरौना में जलकल भवन परिसर; कुशीनगर में विश्वकर्मा मंदिर फाजिल नगर रोड, विवाह भवन गोला बाजार कुशीनगर, तथा बस स्टेशन परिसर कुशीनगर, फाजिलनगर में पंचायत भवन पिपरा रज्जब, कप्तानगंज में रामजानकी नगर वार्ड-5, रामकोला में निकट काशीराम आवास सामुदायिक भवन रैन बसेरा, तमकुहीराज में वार्ड-12 मालवीय नगर पूर्वती पंचायत भवन भटवलिया; दुदही में नगर पंचायत कार्यालय मैहरवा,*
सेवरही में सामुदायिक भवन नगर पंचायत परिसर; खड्डा में धर्मशाला वार्ड-8 इंद्रा नगर; छितौनी में वार्ड-15 पथलेश्वर नाथ नगर; हाटा में वार्ड नम्बर 1 बागनाथ, सुकरौली में कार्यालय भवन वार्ड-14, तथा मथौली में वार्ड-16 सरदार बल्लभ भाई पटेल नगर स्थित पंचायत भवन में रैन बसेरा संचालित हैं।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं नगर निकाय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कंबल एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि शीतलहर के दौरान खुले में रहने वाले जरूरतमंद व्यक्तियों को निकटतम रैन बसेरा/शेल्टर होम तक पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो।