रोजगार संगम पोर्टल" पर पंजीकरण के माध्यम से विदेशों में रोजगार के अवसर
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के युवाओं एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय एवं अर्न्तराष्ट्रीय दोनो स्तरों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक एकीकृत पोर्टल "रोजगार संगम पोर्टल"(rojgaarsangam.up.gov.in) विकसित किया गया है, पोर्टल पर बेरोजगार अभ्यर्थी कुशल एवं अर्थ-कुशल श्रमिक पंजीकरण करा सकते है।
उन्होंने इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थी जो अर्न्तराष्ट्रीय स्तर अथवा विदेशों में रोजगार प्राप्त करना चाहते है,से अपेक्षा की है कि वे रोजगार संगम पोर्टल पर समय-समय पर एन०एस०डी०सी० द्वारा विभिन्न ट्रेड एवं सेक्टरों से सम्बन्धित अपलोड किये गये रिक्तियों को अपने शैक्षिक तकनीकी योग्यता, अनुभव इत्यादि के आधार पर ऑनलाइन आवेदन कर चयन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विदेशों (इजराइल, रूस, जर्मनी, जापान, खाड़ी देशों इत्यादि) में रोजगार प्राप्त कर सकते है।
रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन करने हेतु शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट इत्यादि दस्तावेज की आवश्यकता होती है। रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण हेतु इच्छुक अभ्यर्थी अपने निकट के जन सेवा केन्द्र या साइबर कैफे से करा सकते है।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण से सम्बन्धित कोई असुविधा होने पर सेवायोजन विभाग के टोल फ्री नम्बर-155330 पर सम्पर्क कर सकते है या किसी भी कार्यदिवस में जिला सेवायोजन कार्यालय, रविन्द्रनगर धूस, कुशीनगर में सम्पर्क स्थापित कर सकते है। अभ्यर्थियों को अवगत कराना है कि जागरूकता के अभाव में विदेशों में नौकरी के अवसरों के नाम पर सोशल मीडिया विज्ञापनों इत्यादि के माध्यम से कुछ निजी क्षेत्र/फर्जी संस्थानों द्वारा गुमराह कर उनको विदेशों में नौकरी उपलब्ध कराने के नाम पर उनका वित्तीय शोषण और मानसिक रूप से पीडित किया जाता है।
उन्होंने सचेत किया है कि ऐसे निजी क्षेत्र/फर्जी संस्थानों के बहकावे में न आकर केवल सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभागीय पोर्टल "रोजगार संगम पोर्टल पर एन०एस०डी०सी० द्वारा अपलोड किये गये विदेशी रिक्तियों के सापेक्ष ऑनलाइन आवेदन कर विदेशों में रोजगार प्राप्त करने का प्रयास करें।