पुष्प वर्षा के दौरान हुई दुर्घटना, बुलडोजर पलटने से तीन लोग हुए घायल 

Jan 30, 2026 - 19:45
 0

पुष्प वर्षा के दौरान हुई दुर्घटना, बुलडोजर पलटने से तीन लोग हुए घायल 

बुलडोजर पर चढ़कर पुष्प बरसाते समय बुलडोजर हुआ ट्रक के टक्कर का शिकार

अमिट रेखा/ कुशीनगर 

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के काफिले पर पुष्प वर्षा कर रहे बुलडोजर में एक ट्रक ने हल्काठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में बुलडोजर अनियंत्रित होकर फोरलेन पर पलट गया। जिससे उस पर चढ़ कर पुष्प वर्षा कर रहे चार कार्यकर्ता फोरलेन पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। दुर्घटना देख गाड़ी से नीचे उतरे कैबिनेट मंत्री एवं उनके सहयोगियों ने काफिले के साथ चल रही एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज भेजवाया। वही हादसे में घायल तीन व्यक्तियों का प्राथमिक उपचार सीएचसी पर चल रहा है। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस घटना को लेकर फोरलेन पर लगभग आधा घंटे तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। 
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद का काफिला तमकुहीराज पहुंचा। फोरलेन के रास्ते पटहेरवा की तरफ से तमकुहीराज कस्बे में जैसे ही उनका काफिला दाखिल हुआ फरहान हॉस्पिटल के सामने फोरलेन पर बने अस्थाई क्रॉसिंग के पास बुलडोजर पर चढ़कर निषाद पार्टी के कार्यकर्ता पुष्प वर्षा कर रहे थे। इसी दौरान फोरलेन के रास्ते गुजर रहे एक ट्रक की हल्की ठोकर बुलडोजर को लग गई। जिससे बुलडोजर फोरलेन पर पलट गया। इस दुर्घटना में बुलडोजर पर चढ़कर पुष्प वर्षा कर रहे सेवरही थानाक्षेत्र के परसा उर्फ सिरिसिया निवासी शंभू निषाद 50, तमकुही कस्बा निवासी अखिलेश 26, सिकंदर 27 एवं गोलू 20 गंभीर रूप से घायल हो गए। कैबिनेट मंत्री के सामने घटित हुई इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में कैबिनेट मंत्री एवं उनके सहयोगियों ने गंभीर रूप से घायल हुए शंभू निषाद को प्राथमिक उपचार के लिए घटनास्थल के समीप स्थित फरहान हॉस्पिटल एवं उसके बाद काफिले के साथ चल रही एंबुलेंस से जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज भेजवाया। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बाकी तीन अन्य घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है।