इण्टरमीडिएट व हाईस्कूल प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित, सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य

Dec 18, 2025 - 13:38
 0

इण्टरमीडिएट व हाईस्कूल प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित, सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य

परीक्षा वर्ष 2026: प्रयोगात्मक व प्री-बोर्ड परीक्षाओं के निर्देश जारी

प्रयोगात्मक परीक्षाओं व आन्तरिक मूल्यांकन को लेकर डीआईओएस ने जारी किए दिशा-निर्देश

अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर 

जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार  ने जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त उच्च माध्यमिक विद्यालयों/इण्टर कॉलेजों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्याओं को अवगत कराया है कि सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा जारी आदेश दिनांक 16 दिसम्बर 2025 के माध्यम से परीक्षा वर्ष 2026 की इण्टरमीडिएट एवं हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाओं तथा आन्तरिक मूल्यांकन के सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद कुशीनगर में इण्टरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिनांक 02 फरवरी 2026 से 09 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से सभी विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सम्पन्न कराई जाएंगी तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कराना होगा।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्व वर्षों की भांति विद्यालय स्तर पर आन्तरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर सम्पन्न कराई जाएंगी। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केन्द्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आन्तरिक मूल्यांकन), नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इण्टरमीडिएट की नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। प्राप्तांक अपलोड करने हेतु वेबसाइट 10 जनवरी 2026 से क्रियाशील हो जाएगी।
विद्यालय स्तर पर कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। वहीं कक्षा 10 एवं 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2026 के द्वितीय सप्ताह में तथा कक्षा 9 एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह एवं फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित कराई जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने समस्त प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का समयबद्ध एवं पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित अवधि में प्री-बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन कर कृत कार्यवाही से अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को अवगत कराना सुनिश्चित करें।