सिसवा बाजार में तहबाजारी के नाम पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं — दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Dec 28, 2025 - 20:58
 0
सिसवा बाजार में तहबाजारी के नाम पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं — दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

सिसवा बाजार में तहबाजारी के नाम पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं — दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

अमिट रेखा/मुमताज सिद्दीकी/महाराजगंज


नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार ने तहबाजारी के नाम पर की जा रही किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में नगर पालिका द्वारा एक आवश्यक सूचना जारी कर क्षेत्र के सभी दुकानदारों एवं पटरी व्यवसायियों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा तहबाजारी के नाम पर धन की वसूली करना पूर्णतः अवैध है।
नगर पालिका द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि पूर्व में जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर गठित जांच टीम द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि वर्तमान में नगर पालिका द्वारा किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जा रही है। तहबाजारी शुल्क केवल उन्हीं दुकानों एवं बाजारों से लिया जा रहा है, जो संबंधित व्यक्तियों की स्वयं की भूमि पर स्थापित हैं।
   इसके बावजूद हाल के दिनों में पुनः शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि सिसवा बाजार क्षेत्र में कुछ लोग तहबाजारी के नाम पर अवैध रूप से धन वसूली कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि सड़क की पटरियों, सार्वजनिक भूमि अथवा नगर पालिका की भूमि पर किसी भी प्रकार का व्यवसाय करना अवैध है और उस पर किसी भी व्यक्ति द्वारा तहबाजारी शुल्क वसूलना कानूनन अपराध है।
नगर पालिका परिषद ने सभी दुकानदारों व पटरी व्यवसायियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उसे तहबाजारी के नाम पर धन की मांग करता है या नगर पालिका सीमा क्षेत्र में बाहर से आने वाले ट्रक, पिकअप अथवा लोड वाहनों से माल उतारने के दौरान वसूली करता है, तो इसकी तत्काल सूचना नगर पालिका कार्यालय सिसवा बाजार को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
  नगर पालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।