श्रमिकों को अटल आवासीय विद्यालय की जानकारी:कसया में कल्याणकारी योजनाओं और प्रवेश प्रक्रिया पर जागरूकता अभियान
अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर
श्रम विभाग द्वारा सोमवार को कसया स्थित लेबर अड्डों पर श्रमिकों को अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित किया गया।मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय, सहजनवां (गोरखपुर) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 06 एवं 09 में प्रवेश हेतु आवेदन करने के संबंध में श्रमिकों को विस्तृत जानकारी दी गई। यह विद्यालय पंजीकृत श्रमिकों के पाल्यों के लिए पूर्णतः निशुल्क और आधुनिक सुविधाओं से युक्त सह-शैक्षणिक आवासीय विद्यालय है।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित है। प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भोजन, खेलकूद, छात्रावास, गणवेश तथा बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है।कक्षा 06 में प्रवेश के लिए छात्र/छात्रा की जन्म तिथि 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के मध्य होनी चाहिए। वहीं, कक्षा 09 में प्रवेश के लिए जन्म तिथि 01 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के मध्य निर्धारित है। आवेदक के माता-पिता का बोर्ड में पंजीकरण 30 नवंबर 2025 तक कम से कम तीन वर्ष पूर्ण होना चाहिए और अंशदान अद्यतन/नवीनीकृत होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी भी आवेदन के लिए पात्र होंगे। आवेदन हेतु जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, तीन पासपोर्ट साइज फोटो तथा अनाथ होने की स्थिति में माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र आवश्यक बताया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित मातृ शिशु बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना एवं मृत्यु सहायता योजना का भी प्रचार-प्रसार किया गया। श्रमिकों को श्रम कार्ड बनवाने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में शशि शेखर मिश्र, रमेश चंद्र राम, राजेश, मोहित, अनुरुद्ध, रमेश, उमेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।