वर्चस्व की लड़ाई में हुई हवाई फायरिंग, तीन राउंड गोलियां चलने से मचा हड़कंप
वर्चस्व की लड़ाई में हुई हवाई फायरिंग, तीन राउंड गोलियां चलने से मचा हड़कंप
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
बघौचघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत धूस देवरिया में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर शनिवार को हवाई फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, धूस देवरिया में चल रही प्लॉटिंग को लेकर हुए विवाद के दौरान तीन राउंड गोलियां हवाई फायर की गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गोलियों की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बघौचघाट पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
सूचना पर बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।