सूर्यकुण्ड से हावर्ड बंधा तक बनेगी टू-लेन सड़क, यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
अमिट रेखा/ विनीत कुमार
गोरखपुर।सूर्यकुण्ड से डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन होते हुए हावर्ड बंधा तक प्रस्तावित टू-लेन सड़क के नव निर्माण को लेकर मंडलायुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने की। इस दौरान सड़क परियोजना से जुड़े सभी प्रमुख पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि यह परियोजना गोरखपुर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस मार्ग के विकसित होने से न केवल शहर के भीतर आवागमन सुगम होगा, बल्कि रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त ने परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भूमि अधिग्रहण की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश झा ने निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों और आमजन के स्वास्थ्य व सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके।
वहीं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) विकास यादव ने पर्यावरणीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सड़क निर्माण के दौरान जिन वृक्षों की कटाई आवश्यक होगी, उसके सापेक्ष नियमानुसार प्रतिपूरक वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक अनुमतियों व नियमों का पालन किया जाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में मंडलायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आपसी तालमेल और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए परियोजना को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण सड़क का लाभ जल्द से जल्द आम जनता को मिल सके।