यूपी के 13 टोल प्लाजा होंगे पूरी तरह बैरियर फ्री, बिना रुके गुजरेंगे वाहन; AI कैमरे करेंगे टोल वसूली

Oct 30, 2026 - 09:55
Oct 30, 2026 - 10:02
 0
यूपी के 13 टोल प्लाजा होंगे पूरी तरह बैरियर फ्री, बिना रुके गुजरेंगे वाहन; AI कैमरे करेंगे टोल वसूली

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा से जुड़े हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 टोल प्लाजा को मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक से लैस कर बैरियर फ्री बनाने की योजना तैयार की है। इस परियोजना को लगभग नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहनों को टोल भुगतान के लिए बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वाहन हाईस्पीड कैमरों और अत्याधुनिक सेंसर की निगरानी में टोल प्लाजा से सीधे गुजर सकेंगे। इससे यात्रियों का समय बचेगा और ईंधन की खपत में भी कमी आने की उम्मीद है।

इस तकनीक में फास्टैग के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ेंगे, जबकि ABC/ATCC सेंसर वाहन की लंबाई, ऊंचाई और आकार के आधार पर उसकी श्रेणी निर्धारित करेंगे। रडार सेंसर वाहनों की गति भी रिकॉर्ड करेंगे। इसके बाद संबंधित फास्टैग खाते से टोल शुल्क स्वतः काट लिया जाएगा।

टोल चोरी करने वालों पर भी रहेगी नजर 

नई व्यवस्था में बिना टोल भुगतान किए निकलने या अमान्य फास्टैग का इस्तेमाल करने वाले वाहनों की पहचान की जाएगी। ऐसे वाहन मालिकों को ई-नोटिस भेजा जाएगा। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर टोल शुल्क जमा करना होगा। समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर दोगुना शुल्क वसूले जाने का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा बकाया भुगतान की स्थिति में फास्टैग और वाहन से संबंधित कुछ जरूरी सेवाओं एवं दस्तावेजों पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

इन 13 टोल प्लाजा पर लागू होगी व्यवस्था 

बैरियर फ्री प्रणाली के लिए जिन टोल प्लाजा को शामिल किया गया है, उनमें भनारा, मवाना, मुजेहरा, कुराना, जीवना, दभेड़ी, तामशाबाद, जगाहेड़ी, पटनी प्रतापपुर, भूनी, किरंज, सिवाया और बदरपुर-फरीदाबाद शामिल हैं।

NHAI की इस पहल से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच हाईवे से आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। यदि निर्धारित समय में परियोजना पूरी होती है तो टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों और जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र