मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत में तीन की मौत, मासूम बच्ची भी शामिल
लबनिया चौराहे के पास एनएच-28 पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, छह से अधिक यात्री गंभीर; बस में सवार थे 50 से 60 लोग
कृष्णा यादव, तमकुहीराज /कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के समीप शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों की खुशियां मातम में बदल दीं। दिल्ली से बिहार जा रही शिवा ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक मासूम बच्ची समेत तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे एनएच-28 पर ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।
बताया जा रहा है कि शिवा ट्रैवल्स की बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस से तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मृतकों में डेढ़ से तीन वर्ष की मासूम बच्ची नंदिनी सहित दो पुरुष बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।