बनकटिया गांव के बगीचे में जुआ खेलते नौ लोग गिरफ्तार, 12,550 रुपये बरामद
बनकटिया गांव के बगीचे में जुआ खेलते नौ लोग गिरफ्तार, 12,550 रुपये बरामद
बरहज पुलिस ने ताश के 52 पत्तों के साथ पकड़ा
दो मोटरसाइकिलों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई
अमिट रेखा/ ब्यूरो देवरिया
बरहज थाना क्षेत्र के बनकटिया गांव स्थित बगीचे में जुआ खेलने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जामा तलाशी के दौरान कुल 12,550 रुपये तथा ताश के 52 पत्ते बरामद किए। मौके पर मिली दो मोटरसाइकिलों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि बनकटिया गांव के बगीचे में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक शुभम कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की और नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरहज थाना क्षेत्र के पुराना बरहज निवासी शमसुद्दीन अहमद, राकेश यादव और चंदन साहू, पटेल नगर निवासी सोनू कुमार, मदनपुर थाना क्षेत्र के भदिला निवासी राघवेंद्र यादव, बरहज के तिवारीपुर निवासी सतीश पासवान, महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सिद्धवारी टोला निवासी बब्लू कुमार, बरहज के नंदना पूर्वी निवासी सुधीर कुमार और आजाद नगर उत्तरी निवासी सुशांत सोनकर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में थाना बरहज में मु0अ0सं0 358/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव समेत थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।