'नथुनिया पर गोली'मारे करवा चौथ की पूजा में
नथुनिया पर गोली मारे करवा चौथ की पूजा में
छत पर कथा सुन रही महिला की नाक में लगा छर्रा
पूरब दिशा से चली गोली से घायल हुई विजया
छत पर मिला कारतूस, एयरगन से फायरिंग की आशंका
अमिट रेखा संतराज यादव सहजनवा
गोरखपुर रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोहल्ले में करवा चौथ के दिन फिल्मी कहावत जैसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छत पर पति की लंबी उम्र के लिए पूजा कर रही महिला की नाक में अचानक गोली लग गई। पुरानी कहावत 'नथुनिया पर गोली मारे सैयां' इस घटना में हकीकत बन गई।
छत पर पूजा के दौरान चली गोली
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी आलोक चौहान किराना और अंडे की दुकान चलाते हैं। करवा चौथ पर उनकी 45 वर्षीय पत्नी विजया चौहान घर की तीसरी मंजिल की छत पर परिवार और किराएदार महिलाओं के साथ पूजा-पाठ और कथा सुन रही थीं। इसी दौरान पूरब दिशा की तरफ से आई एक गोली सीधे उनकी नाक में जा लगी। गोली लगते ही विजया खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं, जिससे छत पर मौजूद महिलाओं में अफरातफरी मच गई।
112 नहीं लगा तो थाने पहुंचे परिजन
घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। करीब आधे घंटे तक इंतजार के बाद परिजन घायल महिला को लेकर सीधे रामगढ़ताल थाने पहुंचे। वहां से महिला पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल ले गईं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 10:30 बजे हालत स्थिर होने पर उन्हें छुट्टी दे दी।
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने पुलिस को एक गोली भी सौंपी है, जो घटना के बाद छत पर पड़ी मिली थी। पुलिस ने गोली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एयरगन से फायरिंग की आशंका है। मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि गोली कहां से और किसने चलाई।