कुशीनगर में भाई के अपहरण व हत्या की आशंका जताई:बहन ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार, भेजा प्रार्थना पत्र
अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर
कुशीनगर नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने भाई के अपहरण और हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पीड़िता विनिता दुबे, निवासी सिंगहा मठिया ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।विनिता दुबे ने बताया कि उनका मायका कुकुरहा गांव में है। वर्ष 2012 में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी छोटे भाई अनुप पर आ गई थी। अनुप हाटा क्षेत्र के एक मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य करते थे और समय-समय पर घर भी आते-जाते थे।
विनिता के अनुसार, 28 नवंबर को अनुप जब घर आए, तो पटिदारों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके अगले दिन, 29 नवंबर से अनुप लापता हो गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा ने साजिश रचकर भाई का अपहरण कर हत्या कर दी है और शव को कहीं छिपा दिया है।
विनिता दुबे के मुताबिक, पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज की है और जांच शुरू की है, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और भाई की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।