कसया में दिल्ली-दरभंगा स्लीपर बस, पेड़ से टकराई:आधा दर्जन यात्री घायल, चालक को झपकी आने से हादसा
अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर
दिल्ली से दरभंगा जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस मंगलवार को कुशीनगर जनपद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कसया थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर हिरनापुर गांव के समीप बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।यह घटना मंगलावार को लगभग साढ़े ग्यारह बजे हुई। टोल टैक्स पार करने के बाद बस तेज गति में थी और हिरनापुर गांव के पास अनियंत्रित हो गई। यात्रियों ने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण बस पर से नियंत्रण हट गया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा।हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तथा राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों में दरभंगा निवासी केवला देवी (40) और उनकी 13 वर्षीय बेटी रूप कुमारी शामिल हैं। रूप कुमारी के पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें कसया सीएचसी भेजा गयासूचना मिलने पर कसया पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। कसया एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और झपकी आना प्रतीत हो रहा है।
मामले की जांच की जा रही है। घायल महिला केवला देवी ने यह भी बताया कि बस में केबिन से लेकर छत तक काफी मात्रा में सामान भरा हुआ था। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-28 पर यातायात प्रभावित रहा।