एनएच-28 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Nov 4, 2026 - 17:59
 0
एनएच-28 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

तहसील गेट के पश्चिम हुआ हादसा, क्षत-विक्षत शव के चलते नहीं हो सकी पहचान; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कृष्णा यादव,तमकुहीराज, कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर तमकुहीराज तहसील गेट के पश्चिम बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 26 वर्षीय अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सड़क पर जा रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तत्काल उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

सूचना पर उपनिरीक्षक रणवीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान के साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र