तमकुहीराज थाना के नवागत प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने संभाला कार्यभार

Mar 13, 2026 - 21:24
 0
तमकुहीराज थाना के नवागत प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने संभाला कार्यभार

कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में नवागत प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय ने पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय 'जनता की सेवा और अपराधियों में भय' पैदा करना है।

पदभार ग्रहण करने के बाद प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय ने अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।

उपाध्याय ने कहा, "थाने का दरवाजा फरियादियों के लिए 24 घंटे खुला है। कोई भी पीड़ित बिना किसी संकोच के सीधे मुझसे मिलकर अपनी व्यथा सुना सकता है। हमारी प्राथमिकता केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है।"

क्षेत्र में महिला सुरक्षा को अपनी शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए नवागत प्रभारी ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध या उत्पीड़न के मामले में पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में देरी या लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

अवैध कारोबार और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए उन्होंने सख्त रणनीति तैयार करने के संकेत दिए हैं। इसमें क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखना शामिल है। साथ ही, शराब तस्करी, जुआ और अन्य अवैध धंधों को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता और टीम भावना के साथ कार्य करेगी ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

नवागत थाना प्रभारी ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे पुलिस को अपना मित्र समझें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।