NBW की तामील के दौरान पुलिस टीम से मारपीट का आरोप, सात गिरफ्तार
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : बरेली। जनपद में वांछित और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीबीगंज पुलिस ने पुलिस टीम के साथ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी सीबीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) की तामील कराने तिलियापुर गांव पहुंची थी। इस दौरान भोला पुत्र सफरुद्दीन उर्फ सिपहिया को वारंट की जानकारी देकर हिरासत में लिया गया। पुलिस का आरोप है कि भोला के भाई लईक को पकड़ने का प्रयास करने पर उसकी पत्नी कुबरा और अन्य परिजनों ने सहयोगियों के साथ मिलकर पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली और लईक को मौके से भगा दिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्रता कर हिरासत में लिए गए भोला को छुड़ाने का प्रयास भी किया गया।
सूचना मिलने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भोला को सुरक्षित थाने लाया गया। मामले में थाना सीबीगंज में एफआईआर संख्या 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में भोला समेत 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।