सिपाही की मौत से महुआपार में शोक की लहर, परिवार सदमे में
सिपाही की मौत से महुआपार में शोक की लहर, परिवार सदमे में
अमिट रेखा संतराज यादव
सहजनवां, गोरखपुर सहजनवां थाना क्षेत्र के महुआपार गांव निवासी सिपाही अभिषेक सिंह के असामयिक निधन की खबर से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।परिजनों के अनुसार, अभिषेक परिवार के प्रति बेहद जिम्मेदार और संवेदनशील युवक था। धर्मेंद्र सिंह के तीन बच्चों में वह दूसरे नंबर पर था। घर में सबसे बड़ी बहन अंकिता सिंह की शादी वर्ष 2027 में प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां परिवार ने शुरू कर दी थीं। अभिषेक बहन की शादी को लेकर काफी उत्साहित था और हर जिम्मेदारी में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहा था। उसका छोटा भाई शिवांग सिंह वर्तमान में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक नौकरी के साथ-साथ अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत था। भविष्य को लेकर कई उम्मीदें और योजनाएं थीं। ऐसे में उसके द्वारा उठाए गए इस अत्यंत दुखद कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
फिलहाल इस घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिजन भी इस घटना से अनभिज्ञ हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
अभिषेक के निधन से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।