शीत लहर से निपटने को कुशीनगर प्रशासन सतर्क, जन-धन सुरक्षा हेतु जिलाधिकारी के सख्त निर्देश
ठंड व घने कोहरे को लेकर व्यापक तैयारियां, सभी विभागों को समन्वित कार्यवाही के निर्देश
शीतलहर से बचाव के लिए कुशीनगर में अलर्ट, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य व राहत व्यवस्थाएं सुदृढ़
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर द्वारा वर्ष 2025–26 में संभावित शीतलहर, घना कोहरा एवं अत्यधिक ठंड से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के दृष्टिगत जन-धन की सुरक्षा हेतु समस्त संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। जनपद की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए ठंड एवं कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं, स्वास्थ्य समस्याओं, पशुहानि तथा जनजीवन प्रभावित होने की आशंका रहती है, जिस पर समय रहते ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढों को तत्काल भरा जाए, रोड सर्फेस मार्किंग, रिफ्लेक्टर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, संकेतक बोर्ड एवं स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त रखा जाए। प्रमुख चौराहों, ब्लैक स्पॉट्स, मोड़ों व दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। नगर निकाय/लोक निर्माण विभाग/एनएचएआई/जिला पंचायत द्वारा सभी कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं।
कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेत, वाहनों में रिफ्लेक्टर, ‘स्लो स्पीड’ एवं ‘हेडलाइट ऑन’ जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पुलिस, परिवहन विभाग एवं संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखें।
ठंड से बचाव हेतु असहाय, निराश्रित एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए अलाव/कंबल वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रैन बसेरे पूर्ण संसाधनों के साथ 24×7 संचालित रहें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयां, चिकित्सकीय स्टाफ व सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए 24×7 सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
अग्निकांड की आशंका को देखते हुए लोगों को हीटर, अंगीठी, कोयला, लकड़ी आदि के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। अग्निशमन विभाग आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं।
पशुओं के संरक्षण हेतु पशु चिकित्सालयों में दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण, पशु शेड/आश्रय की व्यवस्था तथा पशुपालकों को ठंड से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में विद्यार्थियों को ठंड से बचाव, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाए। कृषि विभाग किसानों के लिए मौसम आधारित फसल परामर्श (क्रॉप एडवाइजरी) समय-समय पर जारी करे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए जनहित में कार्यवाही करें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुशीनगर द्वारा समस्त व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी।