रामकोला के वार्ड 13 में नाली निर्माण पर सवाल, मानकों की अनदेखी से नाराज़ हुए लोग

Dec 14, 2025 - 17:55
 0
रामकोला के वार्ड 13 में नाली निर्माण पर सवाल, मानकों की अनदेखी से नाराज़ हुए लोग

रामकोला के वार्ड 13 में नाली निर्माण पर सवाल, मानकों की अनदेखी से नाराज़ हुए लोग

अमिट रेखा /ओम प्रकाश यादव /रामकोला/ कुशीनगर

नगर पंचायत रामकोला के वार्ड नंबर 13, श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (भठही खुर्द) में आरसीसी नाली निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पालन बिल्कुल नहीं किया जा रहा है।
लोगों के अनुसार नाली निर्माण के दौरान गिट्टी, बालू और सीमेंट का मिश्रण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं तैयार किया जा रहा। पहले गिट्टी डाल दी जा रही है और बिना समुचित कुटाई के उस पर सीधे सीमेंट का लेप चढ़ाया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती संदिग्ध हो गई है।
निवासियों ने यह भी बताया कि नाली की खुदाई से निकला मलबा सड़क पर ही छोड़ दिया गया है, जबकि निर्माण सामग्री भी मुख्य मार्ग पर फैली हुई है। इससे सड़क संकरी हो गई है और राहगीरों को पैदल चलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है, जिसके कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
मामले की शिकायत लोगों ने संबंधित विभाग तक पहुंचाई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विभाग के जेई एन. के. सिंह ने बताया कि “मौके का निरीक्षण किया गया है और ठेकेदार को मानकों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया है। यदि आगे कोई लापरवाही पाई गई तो नोटिस जारी कर कार्यवाही की जाएगी।”
स्थानीय लोग अब निर्माण कार्य में सुधार और जिम्मेदार ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।