महिला मंडल द्वारा महायज्ञ और दीपयज्ञ का आयोजन
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर।अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के सतत मार्गदर्शन में महिला मंडल विकास नगर, बरगदवा द्वारा बड़ा पार्क में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन-जन के कल्याण, सुख, शांति एवं समृद्धि की भावना के साथ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं दीपयज्ञ का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे देवदूत आचार्य शैलेंद्र कुमार, कैलाश, विवेक एवं संगीतकार प्रवीण गौतम व संजय की टोली के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। महायज्ञ में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भाई-बहनों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियाँ अर्पित कीं।
कार्यक्रम के दौरान व्यासपीठ से आचार्य शैलेंद्र कुमार जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2026 सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का साक्षी बनेगा। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी 2026 केवल एक तिथि नहीं, बल्कि नवचेतना, नवसंस्कार और नवमानव निर्माण का शुभ संकेत है। सनातन धर्म का वास्तविक स्वरूप सोलह संस्कारों की स्थापना, आपसी आत्मीयता, प्रेम, सहयोग तथा समाज के सुख-दुख में सहभागी बनने में निहित है। उन्होंने यह भी कहा कि धन जीवन का साधन है, लक्ष्य नहीं; जनसेवा और जनजागरण ही सनातन संस्कृति की सच्ची स्थापना है।
संगीतकार प्रवीण गौतम एवं संजय द्वारा प्रस्तुत भक्ति संगीत ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल विकास नगर की प्रमुख मंजू द्विवेदी ने उपस्थित समस्त श्रद्धालु भाई-बहनों एवं कार्यकर्ता परिजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्य ट्रस्टी दीना नाथ सिंह ने महिला मंडल की बहनों द्वारा विगत सात वर्षों से निरंतर संचालित गायत्री यज्ञ परंपरा की सराहना करते हुए अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया तथा उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला समन्वयक अशोक तिवारी, डॉ श्रीकर द्विवेदी, जगरनाथ द्विवेदी, अजय चौबे, परमानंद तिवारी, प्रो. के एन यादव, रमेश श्रीवास्तव, अजय गुप्ता, विंध्यवासिनी, अभिषेक प्रताप सिंह, दीप चंद गुप्ता, दिवाकर प्रसाद, जितेंद्र वर्मा, आभा श्रीवास्तव, कमलेश सिंह, वंदना उपाध्याय, शीला जायसवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु भाई बहिन उपस्थित रहे।