पोद्दार टैक्सटाइल्स की वस्त्र प्रदर्शनी में उमड़ा व्यापारियों का सैलाब, अक्षरा सिंह की मौजूदगी बनी आकर्षण
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। पोद्दार टैक्सटाइल्स द्वारा आयोजित वस्त्र प्रदर्शनी एवं फैशन समिट के दूसरे दिन भी व्यापारिक उत्साह चरम पर नजर आया। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से आए सैकड़ों व्यापारियों की ज़बरदस्त मौजूदगी ने इस आयोजन को एक बड़े कारोबारी महोत्सव का रूप दे दिया। दूसरे दिन भी प्रदर्शनी स्थल पर दिनभर चहल-पहल बनी रही और व्यापारियों ने नए फैशन ट्रेंड्स व प्रतिष्ठित ब्रांड्स के कलेक्शन में गहरी रुचि दिखाई।
प्रदर्शनी में पहुंचीं मुंबई से आईं बॉलीवुड अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने व्यापारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अक्षरा सिंह के हाथों सम्मान पाकर व्यापारी भाई बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इससे पूर्व मुंबई से आईं मॉडल्स द्वारा प्रस्तुत फैशन शो ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। आकर्षक परिधानों और आधुनिक डिजाइनों पर आधारित इस फैशन शो को व्यापारियों ने जमकर सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि गुरु गोरखनाथ जी की पावन धरती गोरखपुर पर वह पहले भी आ चुकी हैं, लेकिन इस बार शहर का स्वरूप बदला हुआ नजर आया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा शहर के विकास के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर अब नए आयामों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने भोजपुरी भाषा और संस्कृति को आगे बढ़ाने के प्रयासों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
प्रेस वार्ता में पोद्दार टेक्सटाइल्स के विनीत पोद्दार ने सभी अतिथियों, व्यापारियों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया। वहीं पोद्दार टैक्सटाइल्स के निदेशक कुंज बिहारी पोद्दार ने जानकारी दी कि 5 जनवरी 2026 को भी फैशन समिट एवं वस्त्र प्रदर्शनी दिनभर जारी रही। प्रदर्शनी में देश के प्रतिष्ठित ब्रांड्स जैसे डोनियर, सुदेश, विशाल, लाइफ स्टाइल, वरुण फैशन, शुभलक्ष्मी साड़ी, हरीगंगा, निर्वाना, रामरसिया, काशीकुज, नविका, सालासर, सोनल सहित अनेक प्रसिद्ध साड़ी ब्रांड्स की शानदार रेंज प्रदर्शित की गई। इसके अलावा आशीर्वाद लहंगा एवं पोद्दार टैक्सटाइल्स के फैशन वस्त्र भी आकर्षण का केंद्र रहे।
अभिषेक पोद्दार और अंकुर पोद्दार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह उनके प्रतिष्ठान का पाँचवां आयोजन है। इससे पहले भी इस प्रकार के सफल इवेंट आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन भी पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित बिहार से कुल 371 व्यापारी भाइयों की सहभागिता रही, जो इस आयोजन की सफलता को दर्शाता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पोद्दार टैक्सटाइल्स के अभिभावक सुरेंद्र पोद्दार ने परंपरा के अनुसार अभिनेत्री अक्षरा सिंह और डोनियर इंडस्ट्रीज समूह के अजय अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी व्यापारियों, विक्रेता बंधुओं, मीडिया कर्मियों और आयोजन को सफल बनाने में जुटे समस्त व्यवस्थापकों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर महेश पोद्दार, विनीत पोद्दार, विभोर पोद्दार, अंकित पोद्दार, किशन गोयनका, कुनाल जैसवाल, नवीन पालड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे। कुल मिलाकर यह वस्त्र प्रदर्शनी और फैशन समिट गोरखपुर के व्यापारिक और फैशन जगत के लिए एक यादगार आयोजन साबित हुआ।