पडरौना में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का भव्य आयोजन
बीएलओ एवं सुपरवाइजर सम्मानित, मतदाता जागरूकता रैली का शुभारंभ
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज, पडरौना में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत मतदाता जागरूकता रैली को जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को अपने मताधिकार के प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के स्टाफ ,छात्र-छात्राये एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रही।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती की नींव मतदाता की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। भारत का लोकतंत्र तभी सशक्त होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्ण एवं निर्भीक होकर प्रयोग करेगा। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य भी है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आत्मा है, जिसे मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को निरंतर गति देने की आवश्यकता है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया से जुड़ सकें।