निःशुल्क नेत्र शिविर, 300 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

Dec 23, 2025 - 12:44
 0
निःशुल्क नेत्र शिविर, 300 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

निःशुल्क नेत्र शिविर, 300 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद 

गोरखपुर।समाजसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम पंचायत भटहट, गोरखपुर में एक निःशुल्क नेत्र शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर समाजसेवी एवं भावी प्रधान प्रत्याशी करम नबी उर्फ गुड्डू भाई के सौजन्य से उनके आवास बासस्थान रोड पर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
नेत्र शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में करीब 300 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपनी आंखों की जांच करवाई, जिनमें बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं की संख्या उल्लेखनीय रही।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि आंखों की जांच एवं चश्मा जैसी सुविधाएं अक्सर आर्थिक कारणों से लोगों को समय पर नहीं मिल पातीं। ऐसे में गांव के ही एक समाजसेवी द्वारा इस तरह का निःशुल्क आयोजन किया जाना बेहद सराहनीय है। कई मरीजों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से आंखों में परेशानी थी, लेकिन इस शिविर के माध्यम से उन्हें उचित परामर्श और इलाज मिल सका।
इस अवसर पर करम नबी उर्फ गुड्डू भाई ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं होता और ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी नेत्र रोग जैसी समस्याएं आम हैं। ऐसे में इस तरह के शिविरों के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाना उनका सामाजिक दायित्व है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा।
शिविर के आयोजन में स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों की भी अहम भूमिका रही, जिन्होंने पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था और दवा वितरण में सक्रिय सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और सुव्यवस्था बनी रही, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
निःशुल्क नेत्र शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में करम नबी उर्फ गुड्डू भाई की समाजसेवी छवि और अधिक मजबूत हुई है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को समय-समय पर कराने की मांग की |