कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, ओमनी कार और ट्रेलर की टक्कर में छह की मौत
कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, ओमनी कार और ट्रेलर की टक्कर में छह की मौत
एक ही परिवार के पांच लोगों ने गंवाई जान, दो गंभीर रूप से घायल; गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : कुशीनगर। जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास ओमनी कार और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर रिश्तेदारी से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थरुआडीह के पास उनकी कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। यह परिवार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का निवासी बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा ने घटना की जानकारी दी।