कुशीनगर को हरा लखनऊ ने जीता सेना कप का उद्घाटन मैच
खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन कर रही सरकार: राकेश जायसवाल
आज भिड़ेंगी कानपुर - गोरखपुर तथा फतेहपुर - प्रयाग की टीमें
स्व. सूबेदार मुसाफिर अली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता सेना कप - 2025
अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर
उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ द्वारा मान्यता प्राप्त कुशीनगर क्रिकेट अकादमी द्वारा बुद्ध इंटरमीडिएट कालेज कुशीनगर के क्रीड़ांगन में आयोजित स्व. सूबेदार मुसाफिर अली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता सेना कप - 2025 का उद्घाटन मैच लखनऊ ने कुशीनगर की टीम को हराकर जीत लिया।
सोमवार को सेना कप का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। उद्घाटन मैच में नगरपालिका परिषद कुशीनगर अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जायसवाल ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को सरकार लगातार प्रोत्साहन कर रही है। सेना कप का आयोजन कर अजहर ने राष्ट्र भक्ति को जागृत करने के साथ खिलाड़ियों को तराशने का बेहतर कार्य कर रहे हैं। टास जीतकर कुशीनगर की टीम ने क्षेत्र रक्षण का फैसला लिया। लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 345 रन बनाए। लखनऊ टीम से अमन यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए। जवाब में उतरी कुशीनगर की टीम 17 ओवर में 280 रन पर सिमट गई। कुशीनगर के निखिल राव ने शानदार 170 रन बनाए। अमन मैन ऑफ मैच घोषित किए गए। केसीए के संचालक और आयोजक अजहर ने आए हुए सभी अतिथियों का माल्यार्पण और बुके देकर स्वागत किया। अंपायरिंग की भूमिका में अमजद अली, फिरोज अली रहे। फोटो ग्राफर नीरज, स्कोरर विकास सिंह जबकि कमेंट्री बॉक्स में दिनेश कुमार सिंह चौधरी ने हिंदी और अंग्रेजी में शानदार कमेंट्री प्रस्तुत की। दूसरा मैच बनारस और देवरिया के बीच खेला गया। रण जी खिलाड़ी सहिम हसन ने बताया कि मंगलवार की सुबह कानपुर और गोरखपुर तथा दोपहर बाद फतेहपुर व प्रयाग की टीमों के बीच मैच होगा। इस दौरान प्रमिल गुप्ता, सभासद पवन गुप्ता, अंशु मणि त्रिपाठी, शत्रुजीत सिंह, संतोष पाठक, साबिर अली, अशोक सिंह, सुनील यादव समिति के रवि शंकर, अतहर, सभासद अजेंद्र सिंह, प्रिंस पांडेय, नीरज शर्मा, उज्ज्वल, समीर, शुभम सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे।