नेत्रदान के महादान पर सम्मान, पिता की स्मृति से भावुक हुए डॉ. रामेश यादव
नेत्रदान के महादान पर सम्मान, पिता की स्मृति से भावुक हुए डॉ. रामेश यादव
अमिट रेखा संतराज यादव सहजनवा गोरखपुर
गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में सेवा और संस्कार का भावुक क्षण देखने को मिला। नेत्रदान जैसे महादान में उल्लेखनीय योगदान और जनजागरूकता के लिए नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रामेश यादव को मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में सम्मान पाकर डॉ. यादव भावुक हो गए। उन्होंने यह सम्मान अपने दिवंगत पिता को समर्पित किया।
डॉ. यादव ने कहा, "यह मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि मेरे पिता के सेवा-संस्कारों और मानवता को समर्पित जीवन मूल्यों का सम्मान है। पिताजी ने जीवनभर सेवा को सर्वोपरि रखा और जाते-जाते भी किसी की दुनिया में प्रकाश छोड़ गए।"
उन्होंने नेत्रदान के लिए प्रेरणा और सहयोग देने हेतु प्रधानाचार्य, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं पूरे मेडिकल कॉलेज परिवार का आभार व्यक्त किया।
बीआरडी प्रशासन का यह सम्मान समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश है कि व्यक्ति के जाने के बाद भी उसका योगदान किसी के अंधेरे जीवन में रोशनी बन सकता है।