कुशीनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का रिकॉर्ड, एक ही दिन में 1,23,205 वादों का निस्तारण
अमिट रेखा /दुर्गेश तिवारी /कसया /कुशीनगर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 13 दिसंबर 2025 को कुशीनगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। लोक अदालत के माध्यम से कुल 1,23,205 वादों का सफल निस्तारण किया गया।
लोक अदालत में 9,058 फौजदारी वादों का निस्तारण कर ₹1,52,020 जुर्माना राजकीय कोष में जमा कराया गया। वहीं मोटर दुर्घटना दावा मामलों में 94 वादों का निस्तारण करते हुए मृतकों व घायलों के आश्रितों को ₹6.77 करोड़ से अधिक का मुआवजा दिलाया गया।
इसके साथ ही 1,743 बैंक ऋण मामलों में प्री-लिटिगेशन स्तर पर ₹9.29 करोड़ की टोकन मनी वसूली गई, जबकि 1,126 राजस्व वादों का भी निस्तारण किया गया।
परिवार न्यायालय द्वारा 73 मामलों का समाधान किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।
राष्ट्रीय लोक अदालत ने एक बार फिर न्यायिक व्यवस्था की जनहितकारी और संवेदनशील भूमिका को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।