अखंड भारत के समर्थक थे गफ्फार खान गांधी - चंद्रभूषण सिंह यादव
अमिट रेखा/जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव/ रामपुर कारखाना/ कुशीनगर
गैर भारतीय होने के बावजूद भारत रत्न से अलंकृत एवं फ्रंटियर गांधी के नाम से मशहूर खान अब्दुल गफ्फार खान गांधी को उनके स्मृति दिवस पर रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरी स्थित सपा जन संपर्क कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि अंग्रेजी दासता के खिलाफ और अखंड भारत के लिए अपनी आहुति देने वाले महानतम स्वतंत्रता सेनानी गफ्फार खान गांधी को कोटिश: नमन है।
सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि ‘बादशाह खान’ के नाम से मशहूर गफ्फार खान गांधी ने सामाजिक चेतना के लिए ‘खुदाई खिदमतगार’ नाम के एक संगठन की स्थापना महात्मा गांधी के अहिंसा और सत्याग्रह जैसे सिद्धान्तों से प्रेरित होकर किया था।नमक सत्याग्रह के दौरान गफ्फार खान गांधी गिरफ्तार हुए जिसके विरोध में खुदाई खिदमतगारों के एक दल ने प्रदर्शन किया। अंग्रेजों ने इन निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाने का आदेश दिया, जिसमें 200 से ज्यादा लोग मारे गए थे।ऑल इंडिया मुस्लिम लीग भारत के बंटवारे पर अड़ी हुई थी, तब बादशाह खान ने इसका सख्त विरोध किया था।देश के बंटवारे के बाद पाकिस्तान गए खान अब्दुल गफ्फार खान गांधी को पाकिस्तान सरकार अपना दुश्मन समझती थी, इसलिए वहां उन्हें कई साल जेल में रखा गया। 1988 में हाउस अरेस्ट के दौरान पाकिस्तान में ही उनका निधन हो गया। जिंदगी भर अहिंसा के रास्ते पर चलने वाले बादशाह खान की अंतिम यात्रा भी अहिंसक न रह सकी। उनकी अंतिम यात्रा में 02 विस्फोट हुए, जिसमें 15 लोग मारे गए। हम महान स्वतंत्रता सेनानी को उनके स्मृति दिवस पर श्रद्धावनत हो नमन करते हैं।
उक्त अवसर पर उपस्थित रामप्यारे यादव, व्यास यादव,गोविंद यादव,शंकर गोंड,मुन्ना अंसारी,संतोष मद्धेशिया, नारायण प्रसाद, कांता प्रसाद , लालसा यादव, श्यामराज कन्नौजिया, पारस यादव आदि ने बादशाह खान को उनके चित्र के समक्ष शीश नवाते हुए नमन किया।