24 जनवरी को मनाया जाएगा 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
जनपद में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस इस वर्ष दिनांक 24 जनवरी 2026 को मनाया जाएगा। यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई।उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष 25 जनवरी को साप्ताहिक अवकाश (रविवार) होने के कारण मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 24 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों, विभागों एवं शिक्षण संस्थानों में पूर्वाह्न 11:00 बजे अधिकारी एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही रविन्द्र नगर स्टेडियम, कुशीनगर में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन हेतु आवश्यक संख्या में मतदाता शपथ पत्र एवं बैज संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने सभी विभागों से कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।