हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडे से किया गया था जानलेवा हमला
हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडे से किया गया था जानलेवा हमला
अमिट रेखा /संतराज यादव/सहजनवा/ गोरखपुर
गोरखपुर। थाना बांसगांव क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने आपसी रंजिश के चलते वादिनी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे से हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार इस घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा थाना बांसगांव में तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर मुकदमा संख्या 32/2026 धारा 109, 115(2), 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद अभियुक्त हरिओम पाण्डेय, पुत्र स्व. विनोद पाण्डेय, सत्यम पाण्डेय, पुत्र अजय पाण्डेय, दोनों निवासी किशुनपुर उर्फ बगही, थाना बांसगांव, तथा
निखिल शुक्ला, पुत्र रविशंकर शुक्ला, निवासी शुकुलपुरा इन्द्रापार खुर्द, थाना सिकरीगंज, को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान युवक को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।