सामूहिक विवाह समारोह में 37 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे:फाजिलनगर में मुख्यमंत्री योजना के तहत हुआ आयोजन
अमिट रेखा/शमसाद अंसारी/ कुशीनगर
फाजिलनगर के पावानगर महावीर इंटर कॉलेज परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 33 हिंदू और चार मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 37 जोड़े अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंध गए।मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से 37 बारातें पावानगर महावीर इंटर कॉलेज परिसर पहुंचीं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी खंड विकास अधिकारी सुभाषचंद्र चौरसिया के नेतृत्व में समाज कल्याण और अन्य विभागों के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद 33 जोड़ों को विवाह मंडप में और चार मुस्लिम जोड़ों को पास में बने निकाह स्थल पर ले जाया गया।
हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह किया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह कलमा पढ़कर संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि यह कार्यक्रम गरीब और वंचित परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है। एमएलसी रतनलाल सिंह ने सामूहिक विवाह योजना को हजारों परिवारों के लिए संजीवनी बताया, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देती है।कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज चौबे, सामाजिक कार्यकर्ता केदार सिंह, नंदलाल विद्रोही, प्रधान संघ के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, डॉ. कन्हैया शर्मा, राजेश राय और अभिषेक तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कवि मनंजय तिवारी ने किया।
शाम को सभी नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा प्रदान किए गए घर-गृहस्थी के सामान के साथ विदा किया गया। इस आयोजन में नोडल अधिकारी/खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र चौरसिया, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, हिमालय कुशवाहा, पुनीत यादव, मधुमन सिंह, अरविंद कुशवाहा, ओंकार राय और उमेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।