विधायक खेल स्पर्धा में न्यू सरस्वती इंटर कॉलेज का शानदार प्रदर्शन
विधायक खेल स्पर्धा में न्यू सरस्वती इंटर कॉलेज का शानदार प्रदर्शन
अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद
गोरखपुर। को–ऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के प्रांगण में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा में न्यू सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज बरगदही, गोरखपुर के छात्र-छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में कब्जा जमाया। पिपराइच विधानसभा स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कॉलेज की विभिन्न टीमों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए।
बॉलीबॉल स्पर्धा में लड़कों की सुपर जूनियर टीम ने जहां फाइनल मुकाबले में शानदार जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया, वहीं सीनियर वर्ग में भी टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। लड़कों की कबड्डी टीम ने भी जोश और जज़्बे के साथ खेलते हुए उपविजेता बनकर कॉलेज का नाम रोशन किया।
इसी प्रकार लड़कियों ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से सबका मन जीता। गर्ल्स वॉलीबॉल टीम ने फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी टीम को मात देते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि कबड्डी में लड़कियों की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और इस प्रकार की स्पर्धाएँ युवाओं को अनुशासन व टीम भावना का पाठ पढ़ाती हैं।
इस अवसर पर गर्ल्स टीम की कोच शशि सिंह, प्रिंसिपल अजय सिंह, प्रबंधक सुनीता सिंह, प्रिंस कुमार सिंह (प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 07), राशिद, बेलाल, अशफाक, निखिल, मेराज, सरफराज, राजवेंद्र, मंजेश, आकाश, अर्शलान, राज, संजय, तन्नू, सालनी, रवीना, पूनम, काजल, शशि, कुमकुम, रितु, नीतू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।