विकसित भारत 2047 कार्यक्रम में विधायक डॉ. असीम कुमार ने विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल, स्मार्ट क्लास देने का किया वादा

Sep 22, 2026 - 17:49
 0
विकसित भारत 2047 कार्यक्रम में विधायक डॉ. असीम कुमार ने विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल, स्मार्ट क्लास देने का किया वादा

विकसित भारत 2047 कार्यक्रम में विधायक डॉ. असीम

कुमार ने विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल, स्मार्ट क्लास देने का

किया वादा

अमीट रेखा/अजीत मिश्र/सिसवा नाहर/कुशीनगर 

बेदूपार, कुशीनगर। विकसित भारत 2047 कार्यक्रम के तहत इंटरमीडिएट कॉलेज बेदूपार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. असीम कुमार पहुंचे। कॉलेज प्रबंधक संजय दुबे ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। वहीं प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत 2047 की संकल्पना को रंगोली, पोस्टर और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा ने मौजूद अतिथियों और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। कक्षा 10वीं की छात्रा सबिना खातून ने विकसित भारत विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। वहीं कक्षा 10वीं के छात्र गोपाल द्वारा तैयार की गई रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. असीम कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि देश के भविष्य निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान विधायक डॉ. असीम कुमार ने कॉलेज में स्मार्ट क्लास उपलब्ध कराने का वादा किया। स्मार्ट क्लास की घोषणा से विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कॉलेज प्रबंधक संजय दुबे ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास की सुविधा से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अविनिश कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष धीरज कुशवाहा, मंडल महामंत्री अमित दुबे, मंडल पदाधिकारी अनिल सिंह, सुनीता सिंह, संतोष भारत, राकेश तिवारी, दुर्गाचरण पांडेय तथा ग्रामीणों में मिथिलेश उपाध्याय, पप्पू पांडेय, प्रदीप दुबे, अजय चौबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।