पेंशनर दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनीं पेंशनरों की समस्याएं, शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
पेंशनर दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण हेतु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पेंशनरों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरतापूर्वक एक-एक कर सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पेंशनर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेंशनर समाज का सम्मान जनपद प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि पेंशनरों के बैठने हेतु सुविधायुक्त कक्ष, जिसमें लाइब्रेरी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं होंगी, के निर्माण के लिए शासन स्तर से बजट स्वीकृत हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाएगा।
बैठक के दौरान पेंशनर संघ के अध्यक्ष द्वारा स्वास्थ्य विभाग के दो पेंशनरों की सर्विस बुक गुम होने के कारण फिक्सेशन की कार्यवाही लंबित होने का विषय उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्यवाही करते हुए प्रकरण का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेंशनर संघ द्वारा जिला चिकित्सालय में वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनरों के लिए ओपीडी एवं पंजीकरण हेतु पृथक काउंटर की मांग भी रखी गई। जिलाधिकारी ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे पेंशनरों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न पेंशनर समस्याएं भी प्रस्तुत की गईं, जिनके निस्तारण हेतु वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं संबंधित विभागों को शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार यादव, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी, कोषागार के मनोज कुमार, मंसूर अली, नागेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनरगण उपस्थित रहे।