दीपावली पर सोनभद्र पुलिस का बड़ा तोहफा, 151 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

Nov 6, 2026 - 19:49
 0
दीपावली पर सोनभद्र पुलिस का बड़ा तोहफा, 151 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

27 लाख रुपये के 151 गुमशुदा मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल की मदद से सितंबर से चल रहा था विशेष अभियान  

अमिट रेखा | महेश चन्द्र द्विवेदी

सोनभद्र। दीपावली के पर्व पर सोनभद्र पुलिस ने 151 परिवारों को खुशियों की सौगात दी है। पुलिस की तकनीकी सक्रियता और लगातार प्रयासों के चलते करीब 27 लाख रुपये मूल्य के 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में सितंबर 2026 से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा था। इस अभियान में सर्विलांस सेल, एसओजी और जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने समन्वित प्रयास किया। CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की तकनीकी निगरानी और विश्लेषण करते हुए पुलिस ने अब तक 151 मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल की।

बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। दीपावली के अवसर पर खोए हुए मोबाइल वापस मिलने से लोगों की खुशियां दोगुनी हो गईं।

इस अवसर पर सोनभद्र पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी के प्रयास किए जा सकें।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र