ड्रोन से निगरानी में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध शराब के अड्डों पर कड़ा प्रहार
ड्रोन से निगरानी में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध शराब के अड्डों पर कड़ा प्रहार
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में उप आबकारी आयुक्त, गोरखपुर प्रभार एवं जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर तथा सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-1 के.पी. सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
इस क्रम में आज आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 श्याम कुमार गुप्ता, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 अरविंद कुमार गुप्ता एवं सब-इंस्पेक्टर उदय भान सिंह की संयुक्त टीम द्वारा थाना राजघाट क्षेत्र के ग्राम अमरूतानी में ड्रोन की सहायता से सघन दबिश दी गई। ड्रोन कैमरे के माध्यम से पहले क्षेत्र की निगरानी की गई, जिसके बाद चिन्हित स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान टीम को मौके से लगभग 55 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त एक दर्जन से अधिक भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 450 किलोग्राम लहन भी नष्ट किया गया, ताकि भविष्य में पुनः अवैध गतिविधि को अंजाम न दिया जा सके।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग ने मौके पर ही आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दो अभियोग पंजीकृत करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक के प्रयोग से दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पा रहा है। इससे न केवल कार्रवाई की सफलता बढ़ी है, बल्कि अपराधियों की पहचान और निगरानी भी आसान हुई है।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो उसकी सूचना विभाग को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और जनहित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिलेगी।