गांव की सफाई छोड़ दफ्तरों में जमे कर्मियों की अब होगी घर वापसी, सरकार का चला हंटर!

Nov 6, 2026 - 20:56
 0
गांव की सफाई छोड़ दफ्तरों में जमे कर्मियों की अब होगी घर वापसी, सरकार का चला हंटर!

अब गांवों में ही करनी होगी सफाईकर्मियों को ड्यूटी, सरकार ने संबद्धीकरण खत्म करने के दिए निर्देश  

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ।  उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों को दूसरे सरकारी कार्यालयों में संबद्ध रखकर काम नहीं लिया जा सकेगा। शासन ने ऐसे सभी कर्मचारियों का संबद्धीकरण समाप्त कर उन्हें तत्काल उनकी मूल ग्राम पंचायतों में वापस भेजने के निर्देश जारी किए हैं।

विशेष सचिव पंचायती राज जय प्रकाश पाण्डेय ने इस संबंध में निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, सभी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में उपस्थित होकर निर्धारित सफाई कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

दरअसल, प्रयागराज के खीरी गांव में साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत सामने आने के बाद शासन ने इस व्यवस्था को गंभीरता से लिया है। सरकार का मानना है कि सफाईकर्मियों की अन्य कार्यालयों में तैनाती से गांवों की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने अथवा सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में करीब एक लाख ग्रामीण सफाई कर्मचारी तैनात हैं। सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र